MP: किसानों के दो गुटों में भिड़ंत, मंडी में ताबड़तोड़ फायरिंग

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां के कृषि मंडी में किसानों के दो गुटों में झड़प हो गई है। जानकारी के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि एक किसान दूसरे गुट पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। पुलिस के डर से बेखौफ किसान सरेआम कृषि मंडी में फायरिंग कर रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
इस पूरी घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। दरअसल, मौके पर मौजूद किसी शख्स ने फायरिंग करते हुए वीडियो बना लिया है। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। उसके बाद जिले में हड़कंप मच गया है। इस वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि लाल शर्ट पहने किसान सरेआम बाजार में फायरिंग कर रहा है। गोलीबारी की वजह से कृषि मंडी में हड़कंप मच गया था।
ये था मामला
बताया जा रहा है कि मुरैना कृषि उपज मंडी में कुछ बदमाश बिना टोकन के ही बाजरा तौलने की कोशिश में लगे थे। इसका कुछ किसानों ने मौके पर विरोध शुरू कर दिया। उसके बाद बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक सरायछौला थानाक्षेत्र के पिढ़ावली गांव का किसान इसमें घायल हुआ है।
वहीं विवाद बढ़ता देख गोली चलाने वाला शख्स अपने ट्रैक्टर-ट्राली को लेकर भाग गया। मौके पर प्रशासन और पुलिस के आला अफसर पहुंच गए। घटनास्थल से दो खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं।